Revenue Inspector Arrested : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह कृषि भूमि की पैमाइश करने के एवज में एक व्यक्ति से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। बुधवार को सदर तहसील परिसर में कार्रवाई करते हुए टीम ने उसे कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
Revenue Inspector Arrested : शिकायत के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने बिछाया जाल
जानकारी के मुताबिक, चिलकाना थाना क्षेत्र के महेश्वरी कलां गांव निवासी मोहम्मद तारिक ने 16 अक्टूबर को पुलिस लाइन स्थित एंटी करप्शन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार कृषि भूमि की पैमाइश करने के बदले उनसे 15 हजार रुपये मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
Read More : MP Corruption Reality : मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार की हकीकत क्या? जानिए, NCRB के आंकड़े और क्या बताते हैं सर्वे
Revenue Inspector Arrested : तहसील के लेखपाल कार्यालय में हुई कार्रवाई
बुधवार को निरीक्षक कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में एंटी करप्शन टीम सदर तहसील पहुंची। दोपहर करीब 1:55 बजे तहसील परिसर स्थित लेखपाल कार्यालय के कमरा नंबर 12 में कार्रवाई की गई। टीम ने राजस्व निरीक्षक प्रदीप कुमार को कथित तौर पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
इसके बाद आरोपी को कोतवाली सदर बाजार ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
Revenue Inspector Arrested : प्रदीप कुमार की 1991 में हुई थी नियुक्ति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार की नियुक्ति अप्रैल 1991 में हुई थी। वह मूल रूप से नकुड़ तहसील के झबीरन गांव का निवासी है और वर्तमान में सहारनपुर की पेपर मिल रोड स्थित ब्रह्मपुरी कॉलोनी में रह रहा था। मामले की आगे की जांच निरीक्षक मुकेंद्र कुमार को सौंपी गई है।
ये भी जानना जरूरी है : Investigation Agencies : जांच एजेंसियां क्या हैं? CBI से लेकर ACB तक, जानिए रिश्वतखोरी के मामलों में कौन करता है जांच
Revenue Inspector Arrested : अब रिश्वतखोरी के मामलों पर ACB की टेड़ी नजर
रिपोर्ट के मुताबिक, सहारनपुर में पिछले 10 महीनों के दौरान एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में 12 सरकारी कर्मचारियों को ट्रैप किया है। इनमें अवर अभियंता, लेखपाल और पुलिसकर्मी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल बताए गए हैं।
राजस्व विभाग, विद्युत निगम, थानों और सहारनपुर विकास प्राधिकरण से संबंधित शिकायतें भी सामने आई हैं। इसके अलावा, 15 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की आय से अधिक संपत्ति के मामलों में जांच चलने की जानकारी दी गई है। एंटी करप्शन निरीक्षक कुशलवीर सिंह के मुताबिक, शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाती है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाती है।
नोट: आरोपी के खिलाफ दर्ज केस और घूस लेने के आरोप जांच एवं कानूनी प्रक्रिया के अधीन है।
