पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी सफलता हासिल की है। राज्य के एसएएस नगर (मोहाली) जिले के डेराबस्सी स्थित खनन विभाग में तैनात सब डिवीजनल अधिकारी (SDO) रमनजोत सिंह को 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 40 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों के बीच 19.40 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।

मिट्टी उठाने के मामले में मांगी थी रिश्वत

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, शिकायतकर्ता अपनी जमीन से मिट्टी उठाने का कार्य कर रहा था। इस मामले में विभागीय कार्रवाई नहीं करने के बदले आरोपी SDO ने पहली किस्त के रूप में 8 लाख रुपये रिश्वत ली। इसी दौरान विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

ऑडियो रिकॉर्डिंग से आरोपों की पुष्टि

विजिलेंस ब्यूरो ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना मोहाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर संख्या 16 दर्ज की गई।

जांच जारी

विजिलेंस ब्यूरो का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि इस रिश्वतखोरी में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toggle Dark Mode