Anti Corruption Bureau Rajasthan : अजमेर/ब्यावर: राजस्थान के ब्यावर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रैप की रकम लेकर एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
Anti Corruption Bureau Rajasthan : एसीबी के अनुसार, ब्यावर सदर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रामकिशन और कांस्टेबल मनोज पर एक मामले में समझौता (राजीनामा) कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि पुलिसकर्मी राजीनामा कराने के लिए निर्धारित राशि के अलावा अतिरिक्त 10 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
Anti Corruption Bureau Rajasthan : शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन किया। जांच के दौरान कथित तौर पर रिश्वत की रकम 10 हजार रुपये से घटाकर 8 हजार रुपये करने पर सहमति बनी। शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
Anti Corruption Bureau Rajasthan : कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम दलाल कानाराम को देने के लिए कहा गया। आरोप है कि कानाराम ने रकम मिलते ही उसे अपने साथी राहुल काठात को सौंप दिया। इससे पहले कि एसीबी टीम रकम बरामद कर पाती, राहुल काठात नकदी लेकर मौके से फरार हो गया।
Anti Corruption Bureau Rajasthan : एसीबी ने मौके से हेड कांस्टेबल रामकिशन, कांस्टेबल मनोज और कथित दलाल कानाराम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फरार आरोपी राहुल काठात की तलाश जारी है और ट्रैप की रकम बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बताया कि मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
